More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशपांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन को भोपाल...

    पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन को भोपाल के संभागीय आईटीआई में वर्चुअली सुना

    भोपाल : कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं का कुशल, आत्मनिर्भर, नवाचारी और तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सोलर एनर्जी, ऑटोमेशन एवं डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। ऐसे समय में युवाओं को उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को पूरा करने में कुशल एवं दक्ष युवा शक्ति महत्वपूर्ण आधार बनेगी। राज्य मंत्री टेटवाल शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भोपाल में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे।

    समारोह में भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा एवं खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य मंत्री टेटवाल और अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

    लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के अंतर्गत भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन को भोपाल के संभागीय आईटीआई सहित प्रदेश के सभी शासकीय आईटीआई संस्थानों में सुना गया।

    राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि कौशल दीक्षांत समारोह केवल प्रमाण-पत्र प्रदान करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं की मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास का उत्सव है। यह अवसर उन युवाओं की उपलब्धियों को पहचानने का है, जिन्होंने अपने परिश्रम और प्रशिक्षण के माध्यम से सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। जब युवाओं को सही दिशा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उचित अवसर मिलते हैं, तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

    राज्य मंत्री टेटवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और तकनीकी दक्षता प्रदेश एवं देश की प्रगति का आधार है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने, नई तकनीकों को सीखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

    कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें बदलती औद्योगिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने, आधुनिक पाठ्यक्रमों का विस्तार करने और उद्योगों से प्रशिक्षण संस्थानों का जुड़ाव मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समारोह को सांसद वी.डी. शर्मा एवं सांसद आलोक शर्मा ने भी संबोधित किया।

    मध्यप्रदेश के 10 प्रशिक्षणार्थियों ने अखिल भारतीय स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान

    अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा (एआईटीटी), जुलाई 2026 में मध्यप्रदेश के 10 आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न व्यवसायों में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि प्रदेश में संचालित कौशल प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षणार्थियों की मेहनत और संस्थानों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती है।

    इस वर्ष मध्यप्रदेश के लिए एक विशेष गौरवपूर्ण उपलब्धि भोपाल के प्रशिक्षणार्थी सूरज साहू ने हासिल की है। सीओपीए (कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट) व्यवसाय के श्रवण बाधित प्रशिक्षणार्थी सूरज साहू को प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय टॉपर के रूप में सम्मानित किया। सूरज साहू की सफलता दिव्यांगजनों की क्षमता, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का प्रेरणादायी उदाहरण है।

    प्रदेश में आईटीआई में अब तक का सर्वाधिक 97.57 प्रतिशत प्रवेश

    मध्यप्रदेश में कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए आईटीआई की प्रशिक्षण व्यवस्था का विस्तार किया जा रहा है। सत्र 2026 में शासकीय आईटीआई में अब तक का सर्वाधिक 97.57 प्रतिशत प्रवेश दर्ज किया गया है। प्रदेश में प्रवेश क्षमता में 3,872 सीटों की वृद्धि की गई है। युवाओं को भविष्य की तकनीकी एवं औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए सोलर टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और ड्रोन टेक्नीशियन जैसे नवीन एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं।

    महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटीआई में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का प्रतिशत 30 से बढ़ाकर 35 प्रतिशत किया गया है। इसके साथ ही प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत की कमी की गई है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्तमान सत्र में 13,801 महिलाओं ने आईटीआई में प्रवेश प्राप्त किया है। इससे तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन मिला है।

    इस अवसर पर कौशल विकास संचालनालय के संचालक बसंत कुर्रे सहित विभागीय अधिकारी, संस्थान के प्राचार्य, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here