फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर बेजुआ में देर शाम शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान बैंड-बाजे की बग्गी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गई। इससे पूरी बग्गी में करंट दौड़ गया। हादसे में दो बैंडकर्मियों की मौत हो गई, जबकि करंट की चपेट में आने से दो घोड़ों ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, गांव दौलतपुर बेजुआ में शनिवार को मथुरा जिले के फरह क्षेत्र से बारात आई थी। शादी समारोह में घुड़चढ़ी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात में बैंड-बाजे के साथ बग्गी भी शामिल थी। इसी दौरान बग्गी के ऊपर निकले लोहे के पाइप या अन्य हिस्से ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तारों से टकरा गए। तारों के संपर्क में आते ही बग्गी में तेज करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में बैंडकर्मी और घोड़े आ गए।
हादसे में अकील और पप्पू नाम के दो बैंडकर्मियों की जान चली गई। वहीं, बग्गी में लगे दो घोड़ों की भी करंट से मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से बारात में अफरा-तफरी मच गई। शादी में शामिल लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम छा गया।पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे है।
फिरोजाबाद में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हाईटेंशन करंट से दो बैंडकर्मियों की मौत, दो घोड़ों ने भी तोड़ा दम


