भोपाल। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक में 2801.75 करोड़ रुपये की लागत के 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ से संबंधित सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत कार्य हर हाल में वर्ष 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि इस बार सिंहस्थ का आयोजन क्लीन एंड ग्रीन थीम पर किया जाएगा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पक्के रास्ते बनाने, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, परिवहन और सुरक्षा की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए तथा कहा कि अब तैयारियों की समीक्षा के लिए हर महीने मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में स्वीकृत 33 कार्यों में पर्यवेक्षण समिति की नौवीं बैठक के 16 कार्यों की लागत 1457.04 करोड़ और दसवीं बैठक के 17 कार्यों की लागत 1344.71 करोड़ रुपये शामिल हैं।
बिजली और स्वच्छता पर विशेष तैयारी
सिंहस्थ के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए 387.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत पांच अस्थायी विद्युत उपकेंद्र, 45 किलोमीटर 33 केवी लाइन, 200 किलोमीटर 11 केवी लाइन और 550 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाई जाएगी। साधु-संतों के शिविरों और संस्थानों को करीब 4500 बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे, जबकि 250 जनरेटर और 250 मोबाइल लाइट टावर की व्यवस्था भी होगी। शहर और मेला क्षेत्र में अस्थायी प्रकाश व्यवस्था पर 113.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वच्छता व्यवस्था के लिए 393.53 करोड़ रुपये से 8169 स्वच्छता सेट विकसित किए जाएंगे, जिनमें 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय शामिल हैं। ठोस कचरा प्रबंधन, सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए 153.73 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रतिदिन करीब 2500 टन कचरा निकलने का अनुमान है, जिसके प्रबंधन के लिए प्रतिदिन 13 हजार सफाईकर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है। क्षिप्रा नदी की जल गुणवत्ता सुधारने के लिए भी 12.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और परिवहन की व्यवस्था
श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 27.78 करोड़ रुपये और अग्निशमन व्यवस्था के लिए 18.23 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए 155.08 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है, जिसके तहत होमगार्ड की संख्या 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 10 हजार करने का प्रस्ताव है। सड़क, पार्किंग और परिवहन व्यवस्था के तहत 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कें, 17 किलोमीटर अस्थायी पाथ-वे और पार्किंग व सर्विस क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। घाटों, अखाड़ों और पार्किंग स्थलों के बीच 2000 बसों के संचालन के लिए 45 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
आधुनिक सुरक्षा तकनीक और सिंहस्थ अनुभव केंद्र
सिंहस्थ की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग ने 1862.67 करोड़ रुपये के उपकरण और वाहन खरीदने के प्रस्ताव रखे हैं। इनमें यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, बम निरोधक दस्ते, एटीएस और साइबर सुरक्षा से जुड़े उपकरण शामिल हैं तथा करीब 100 बीडीडीएस टीमों की तैनाती की आवश्यकता बताई गई है और ड्रोन व एंटी-ड्रोन तकनीक से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा उज्जैन में 90 करोड़ रुपये की लागत से सिंहस्थ अनुभव केंद्र विकसित करने का प्रस्ताव है, जिसमें एआई, एआर-वीआर, होलोग्राम और प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से महाकालेश्वर, क्षिप्रा नदी, अखाड़ा परंपरा और विक्रमादित्य सहित 10 विषयगत जोन बनाए जाएंगे जो सिंहस्थ के बाद भी पर्यटन आकर्षण बने रहेंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, उदय प्रताप सिंह, चेतन्य काश्यप, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


