More
    Homeदेशचीन की नई चाल का खुलासा, अरुणाचल के पास बांध बनाकर नदी...

    चीन की नई चाल का खुलासा, अरुणाचल के पास बांध बनाकर नदी का रुख बदलेगा

    गुवाहाटी। अरुणाचल प्रदेश की सीमा से महज 40 से 50 किलोमीटर उत्तर में चीन द्वारा यारलुंग त्सांगपो नदी पर 60 गीगावाट की मेडोग जलविद्युत परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईआईटी दिल्ली के एफआईटीटी में इनक्यूबेट हुए जियोस्पेशियल एआई डीप टेक स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स के सैटेलाइट इमेजरी विश्लेषण में यह खुलासा हुआ है। सार्वजनिक मूल्यांकन के मुताबिक, मुख्य बांध स्थल से पूरे गांव हटा दिए गए हैं, नदी के बहाव को मोड़ने का काम दिखाई दे रहा है और सीमा के पास भारी औद्योगिक ढांचा खड़ा किया जा रहा है। यह परियोजना मैकमोहन रेखा के करीब स्थित है और इसकी सुरंग का निकास मेडोग काउंटी के आगे सीमा के नजदीक बताया गया है।

    भारत की सियांग परियोजना क्यों है अहम

    ये निष्कर्ष भारत के लिहाज से अहम हैं, क्योंकि भारत ने अरुणाचल प्रदेश के सियांग, अपर सियांग और ईस्ट सियांग जिलों से गुजरने वाली सियांग नदी पर 11,200 मेगावाट की सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (एसयूएमपी) प्रस्तावित की है। परियोजना से जुड़े लोगों के अनुसार, एसयूएमपी का मकसद चीनी बांध के कारण नदी के निचले बहाव पर संभावित असर को कम करना है। अनुमान है कि इसके प्रस्तावित जलाशय में करीब नौ अरब क्यूबिक मीटर पानी जमा हो सकेगा। चीन की यह परियोजना दक्षिण-पूर्वी तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो के निचले हिस्से पर बनने वाला बहु-संरचना बांध सिस्टम होगा, जिसमें नदी के ग्रेट यू-बेंड से गुजरने वाली सुरंग और भारत में नदी के प्रवेश से पहले कई पावर स्टेशन व आउटलेट शामिल होंगे।

    चार प्रमुख स्थानों और ढांचे का जिक्र

    सैटेलाइट विश्लेषण में चार महत्वपूर्ण स्थानों और परिसंपत्तियों का उल्लेख किया गया है। इनमें मेनलिंग कस्बे के पास बड़ा बांध शामिल है, जहां जुलाई 2025 के बाद बड़े पैमाने पर काम शुरू हुआ। इसके अलावा पाई कस्बे के पास संभावित निचला बांध, नामचा बरवा पर्वत से होकर गुजरने वाली सुरंग और भारत-चीन सीमा के पास मेडोग काउंटी के आगे सुरंग का निकास शामिल हैं, जहां काम पहले ही शुरू हो चुका है। मूल्यांकन में कहा गया है कि सुरंग के निकास क्षेत्र में विकास कार्य शिलान्यास समारोह से पहले ही शुरू हो गए थे। लगभग 1.2 ट्रिलियन युआन (करीब 168 अरब डॉलर) की अनुमानित लागत वाली इस योजना में पांच कैस्केड स्टेशनों की परिकल्पना की गई है।

    सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी निर्माण की रफ्तार

    विश्लेषण के अनुसार, परियोजना में लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में नदी की 2,000 मीटर से अधिक गिरावट का लाभ लेने के लिए करीब 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों का उपयोग किया जाएगा। जुलाई 2025 की तस्वीरों में प्रस्तावित मेनलिंग हाई डैम स्थल पर गांव और खेत दिखाई दे रहे थे, जबकि दिसंबर 2025 तक गांवों को खाली कराकर खेत हटाने और मिट्टी का काम शुरू होने के संकेत मिले। अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी की धारा मोड़ने का काम, गांवों के पुनर्वास और उत्तरी तट पर नई सड़कों, अस्थायी आवासों व कार्यालय भवनों के निर्माण की पुष्टि हुई है।

    भंडारण क्षमता, जल संधि की कमी और जमीनी विरोध

    अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा है कि प्रस्तावित एसयूएमपी जलाशय से भारत को नदी के निचले बहाव पर बेहतर नियंत्रण मिल सकेगा, जिसकी भंडारण क्षमता लगभग 9.2 बिलियन क्यूबिक मीटर है, जो चीन की परियोजना की बताई जा रही 5.2 बीसीएम क्षमता से अधिक है। इससे प्रवाह को नियंत्रित करने, ऊपरी इलाकों से पानी के बहाव में अचानक बदलाव से निपटने और कम पानी के मौसम में जल उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने चीन के साथ बाध्यकारी जल-बंटवारा संधि और पारदर्शी डेटा साझा करने की व्यवस्था न होने को बड़ी कमी बताया है। दूसरी ओर, एसयूएमपी के खिलाफ स्थानीय स्तर पर विरोध तेज हो गया है। आदि समुदायों ने विस्थापन, जमीन और आजीविका की चिंताओं को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को याचिका सौंपी है। पूर्व-व्यवहार्यता सर्वेक्षण को लेकर तनाव बढ़ने पर प्रस्तावित स्थल के पास केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए थे और अक्टूबर में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़की थी। हालांकि यह विश्लेषण निर्माण के पैमाने और गति का ब्योरा देता है, लेकिन पर्यावरणीय क्षति, नदी प्रवाह पर असर या अरुणाचल प्रदेश व असम के लिए संभावित खतरों के सटीक आंकड़े इसमें शामिल नहीं हैं, तथा दर्शाए गए स्थान सैटेलाइट तस्वीरों पर आधारित सांकेतिक आकलन हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here