तिजारा। खेल के क्षेत्र में अलवर जिले के तिजारा उपखंड से एक बार फिर गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। बिरामपुर गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा अदिति यादव का चयन हॉकी इंडिया सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 3 जुलाई से रांची (झारखंड) में आयोजित की जा रही है, जिसमें अदिति राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व कर रही है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा यादव ने बताया कि अदिति कक्षा 11वीं की छात्रा है और यह उसका द्वितीय राष्ट्रीय स्तर का चयन है, जो विद्यालय और गांव दोनों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि अदिति ने स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक अपनी मेहनत और खेल कौशल से सबको प्रभावित किया है और अब दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त हुआ है।
अदिति के चयन पर स्कूल में उत्सव जैसा माहौल रहा। हॉकी कोच दलीप कुमार और विद्यालय के समस्त स्टाफ ने अदिति को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कोच दलीप कुमार ने बताया कि अदिति अनुशासित, मेहनती और खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित छात्रा है। उन्होंने कहा कि अदिति अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन चुकी है।
गांव बिरामपुर के लोगों में भी अदिति के चयन को लेकर विशेष उत्साह है। ग्रामीणों ने उसे गांव की बेटी बताते हुए खुशी जाहिर की और कहा कि उसका यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा। अदिति के माता-पिता ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अदिति का यह चयन ग्रामीण प्रतिभाओं की कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का प्रमाण है। अब सभी को उम्मीद है कि अदिति इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर न केवल राजस्थान, बल्कि देश का भी नाम रोशन करेगी।


