अलवर. यह लोकसभा चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं बल्कि संविधान, लोकतंत्र और जनहित की योजनाओं को बचाने का चुनाव है। ये विचार राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक टीकाराम जूली ने व्यक्त किए। जूली अंतिम चरण के चुनाव प्रचार में पंजाब के गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के प्रत्याशी सुखजिंदर सिंह रंधावा के समर्थन में जुटे हैं। उन्होंने गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र के हल्काभोआ विधानसभा क्षेत्र के कोटली मुगला व जगला भूआनी में चुनाव प्रचार किया।
नेता प्रतिपक्ष जूली ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री इस लोकसभा चुनाव में आरक्षण विरोधी भाषण देने के साथ ही भाजपा के सत्ता में आने पर संविधान बदलने की बात कहते हैं। वे गरीबों के कर्ज की बात नहीं करते। बल्कि अहंकार में चूर होकर अमीर दोस्तों का कर्ज माफ करने में लगे हैं।
इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के स्पष्ट संकेत
जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की जनसभा में उमड़ रहा जनसैलाब इस बार देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के स्पष्ट संकेत है। देश की जनता इस बार परिवर्तन लाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब के कई क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार चुनाव से पहले ही हार मान चुके हैं। भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने पंजाब पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह की रैली में किसान विरोध जताने पहुंचे और अमित शाह वापस जाओ के नारे लगाए, इतना ही नहीं यहां प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की रैली को रद्द करना पडा। नेता प्रतिपक्ष जूली ने पंजाब की जनता से कांग्रेस प्रत्याशियों को बडे अंतर से जिताने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का न्याय घोषणा पत्र युवा, नारी, किसान, श्रमिक तथा हिस्सेदारी न्याय के साथ राजनीति के इतिहास में न्याय के दस्तावेज के रूप में याद किया जाएगा।