More
    Homeमनोरंजनकाजोल ने क्यों नहीं कहा 'मम्मी'? अजय की मां को लेकर सामने...

    काजोल ने क्यों नहीं कहा ‘मम्मी’? अजय की मां को लेकर सामने आई दिलचस्प वजह

    मुंबई : जब बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों की बात होती है, तो उनमें एक नाम काजोल का भी लिया जाता है। 6 फिल्मफेयर अवार्ड समेत अलग-अलग लगभग 40 से भी अधिक अवॉर्ड्स अपने नाम करने वाली काजोल तीन दशक से भी ज्यादा वक्त से इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। फिल्मी घराने से आने वाली काजोल ने 17 साल की उम्र में ही बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। काजोल ने अपने करियर में रोमांटिक किरदारों से लेकर निगेटिव रोल और अब मां की भूमिकाएं तक निभाई हैं।

    काजोल के नाम अपनी मौसी नूतन के साथ सबसे ज्यादा बेस्ट एक्ट्रेस के फिल्मफेयर अवार्ड जीतने का रिकॉर्ड भी है। काजोल आज भी इंडस्ट्री में लगातार एक्टिव हैं और प्रमुख भूमिकाओं वाली फिल्में कर रही हैं। आज काजोल अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर जानते हैं उनके करियर, प्रमुख किरदारों और उनसे जुड़े कुछ अनसुने किस्सों के बारे में।

    फिल्मी घराने से आती हैं काजोल

    काजोल का जन्म 5 अगस्त 1974 को मुंबई में हुआ था। काजोल एक बड़े फ़िल्मी घराने से आती हैं। वो दिग्गज अभिनेत्री तनूजा और निर्देशक-निर्माता शोमू मुखर्जी की बेटी हैं। लीजेंड्री अभिनेत्री नूतन उनकी मौसी हैं। उनकी नानी शोभना समर्थ और पर नानी रत्तन बाई भी फ़िल्मी दुनिया से ही आती थीं। उनके अंकल जॉय मुखर्जी और देव मुखर्जी फिल्म अभिनेता थे। उनके दादा शशधर मुखर्जी और नाना कुमारसेन समर्थ फिल्म मेकर थे। जबकि अभिनेत्री रानी मुखर्जी, एक्टर मोहनीश बहल और निर्देशक अयान मुखर्जी काजोल के कजिन हैं। काजोल ने साल 1999 में अभिनेता अजय देवगन से शादी की थी।

    17 में साल में किया डेब्यू

    काजोल ने अपने करियर की शुरुआत साल 1992 में फिल्म 'बेखुदी' से की थी। अपनी पहली फिल्म के दौरान काजोल स्कूल में थीं। उनके करियर की दूसरी फिल्म शाहरुख खान की 'बाजीगर' थी। 'बाजीगर' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई। इसके बाद 'उधार की जिंदगी', 'ये दिल्लगी', 'हलचल' और 'गुंडाराज' जैसी फिल्मों में नजर आईं।

    1995 में मिली करियर की सबसे बड़ी फिल्म

    साल 1995 काजोल के करियर के लिए काफी ख़ास रहा, क्योंकि इस साल काजोल को उनके करियर की सबसे बड़ी और यादगार फिल्म मिली। ये वो साल था जब 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' रिलीज हुई थी। यह फिल्म न सिर्फ उस साल बल्कि हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे यादगार फिल्म बनी। इस फिल्म के लिए काजोल को उनका पहला बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसी साल काजोल के खाते में सलमान खान और शाहरुख खान की 'करण अर्जुन' भी हिट फिल्म के तौर पर शामिल हुई।

    बेस्ट विलेन का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने वाली इकलौती अभिनेत्री

    इसके बाद साल 1997 में काजोल रोमांटिक हीरोइन से सनकी आशिक के निगेटिव किरदार में उतर गईं और 'गुप्त' में नजर आईं। इस फिल्म के लिए काजोल को बेस्ट निगेटिव रोल का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। वो इस कैटेगरी में अवॉर्ड जीतने वाली पहली और इकलौती अभिनेत्री हैं। इसी साल काजोल आमिर खान और अजय देवगन स्टारर 'इश्क़' में जूही चावला के साथ नजर आईं। 

    1998 में दीं बैक टू बैक हिट फिल्में 

    साल 1998 काजोल के करियर के लिए काफी सफल रहा। इस साल काजोल ने कई हिट फिल्में दीं। इनमें 'प्यार किया तो डरना क्या', 'प्यार तो होना ही था', 'कुछ कुछ होता है' और 'दुश्मन' शामिल हैं। 'कुछ कुछ होता है' के लिए काजोल को उनका दूसरा बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था।

    अजय देवगन से शादी के दो साल बाद मिली हिट फिल्म 

    काजोल ने साल 1999 में अभिनेता अजय देवगन से शादी कर ली। शादी के बाद काजोल की पहली रिलीज फिल्म भी अजय देवगन के ही साथ 'दिल क्या करे' थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गयी थी। इसके बाद कुछ और फ़िल्में भी काजोल की फ्लॉप हुईं। शादी के बाद काजोल को अपनी पहली हिट फिल्म साल 2001 में आयी करण जौहर की 'कभी खुशी कभी गम' के रूप में मिली।

    पांच साल के ब्रेक के बाद 'फना' से किया कमबैक 

    शादी के बाद साल 2001 के बाद काजोल ने फिल्मों से लंबा ब्रेक ले लिया और वो अपने परिवार पर ध्यान देने लगीं। लगभग पांच साल के लंबे ब्रेक के बाद काजोल ने 2006 में  आमिर खान के साथ 'फना' से फिल्मों में वापसी की। यह रोमांटिक-थ्रिलर बॉक्स ऑफिस पर सफल रही है और काजोल को फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। साल 2010 में काजोल करण जौहर निर्देशित फिल्म 'माय नेम इज खान' में शाहरुख खान के साथ नजर आईं। इस फिल्म के लिए काजोल को उनके करियर का पांचवां बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। 

    2021 में ओटीटी पर किया डेब्यू

    काजोल ने साल 2021 में फिल्म 'त्रिभंगा' से ओटीटी पर भी डेब्यू किया। इसके बाद काजोल ओटीटी पर 'लस्ट स्टोरीज 2', 'द ट्रायल', 'दो पत्ती' और हालिया रिलीज 'सरजमीं' जैसे प्रोजेक्ट में नजर आई हैं। इसके अलावा इस साल काजोल 'मां' फिल्म में भी मुख्य भूमिका में नजर आयी हैं।

    काजोल से जुड़े मशहूर किस्से

    • काजोल के बारे में कई किस्से काफी सुनने को मिलते हैं। 
    • ऐसा कहा जाता है कि काजोल जिस फिल्म के सेट पर एक बार गिर जाती हैं, वो फिल्म हिट हो जाती है। ऐसा संयोग उनके साथ 'कुछ कुछ होता है' जैसी हिट फिल्म से लेकर कई अन्य फिल्मों में भी हुआ है। 
    • शादी के बाद जब अजय देवगन की मम्मी और अपनी सासू मां को काजोल को मम्मी बुलाने का सुझाव दिया गया तो, उनका कहना था कि मैं उन्हें मम्मी क्यों बुलाऊं। मेरी पहले से ही एक मां हैं। 
    • काजोल ने अजय देवगन को पहली बार एक फिल्म के सेट पर देखा था। अजय सेट पर किनारे कुर्सी डाले अलग बैठे थे और उन्होंने फिल्म की हीरोइन काजोल से बात तक नहीं की थी। जिसके बाद काजोल को अजय देवगन घमंडी और अकड़ू लगे थे। 
    • काजोल की करण जौहर से काफी अच्छी दोस्ती है। काजोल ने करण जौहर की कई फिल्मों में एक-एक सीन तक का कैमिओ किया है। करण काजोल को अपने लिए लकी मानते थे। 
    • 2016 में जब करण जौहर की 'ऐ दिल है मुश्किल' और अजय देवगन की 'शिवाय' एक ही दिन रिलीज हुई थीं, तब काजोल और करण जौहर की दोस्ती में दरार आ गयी थी। दोनों की बातचीत भी कई साल तक बंद रही थी। हालांकि अब दोनों फिर से दोस्त बन गए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here