जयपुर में आयोजित राज्य वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति की पाँचवीं बैठक में 22 नए प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में वन संरक्षण, विकास कार्यों और वन्यजीव संरक्षण पर अहम निर्णय लिए गए।
मिशनसच न्यूज, जयपुर।
राज्य वन्यजीव मंडल की स्थायी समिति की पाँचवीं बैठक सोमवार को सचिवालय कक्ष-1 में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने की। इस दौरान समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
22 नए प्रस्तावों पर हुई चर्चा
बैठक में वन्यजीव स्वीकृति से जुड़े 22 नवीन प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें 1 ऑफिस केबल, 1 पाइप लाइन, 3 मोबाइल टॉवर, 1 ट्रांसमिशन लाइन, 15 रोड और अन्य एक प्रस्ताव शामिल थे।
अधिकारियों ने प्रत्येक प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए वन संरक्षण और विकास कार्यों के संतुलन पर जोर दिया।
वन्यजीव संरक्षण और विकास दोनों पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रस्तावों को वन संरक्षण और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए लागू किया जाए। प्रमुख वन संरक्षक और मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक द्वारा प्रस्तुतिकरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री के पूर्व निर्देशों पर हुई कार्रवाई
बैठक में माननीय राज्यमंत्री ने बताया कि दिनांक 23 जून 2025 को हुई राज्य वन्यजीव मंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, शहर व संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर हॉर्डिंग्स और साइनबोर्ड्स लगाने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और टाइगर रिजर्व का प्रचार-प्रसार करना है।

