अलवर में श्रीकल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन 22 सितम्बर से 28 सितम्बर तक दिगम्बर जैनाचार्य वसुनन्दी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, णमोकार महामंत्र उपासक उपाध्याय विज्ञानन्द महाराज ससंघ के सानिध्य में होगा
मिशन सच न्यूज़, अलवर। अलवर का इतिहास धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से भरा रहा है, लेकिन इस बार नगरवासी एक ऐसे महामहोत्सव के साक्षी बनने जा रहे हैं, जो अपने आप में अनूठा और ऐतिहासिक होगा। दिगम्बर जैनाचार्य वसुनन्दी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, णमोकार महामंत्र उपासक उपाध्याय विज्ञानन्द महाराज ससंघ के सानिध्य में 22 सितम्बर से 28 सितम्बर तक वर्तमान कालीन चौबीस तीर्थंकरों के समवशरण की 25 प्रतिकृतियों के साथ श्रीकल्पद्रुम महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
भव्य शोभायात्रा से होगी शुरुआत
समिति के संयोजक पवन जैन चौधरी ने बताया कि इस तरह का आयोजन अलवर में पहली बार हो रहा है। इसकी शुरुआत 22 सितम्बर की सुबह 7 बजे स्थानीय मुंशी बाजार स्थित श्रीचन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर से होने वाली जिनेंद्र स्वर्ण रथयात्रा से होगी। यह रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई जैन नसियाजी परिसर स्थित जैन वाटिका पहुंचेगी। रथयात्रा में मुनेंद्र यात्रा, चक्रवर्ती यात्रा, ऐरावत हाथी के साथ सुरेंद्र यात्रा, इंद्र यात्रा, बग्गी सहित घट यात्रा जैसी झांकियां शामिल होंगी। विशेष आकर्षण के रूप में ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी और तीन गजराज ऐरावत हाथियों के प्रतीक इस शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे।
विशाल पांडाल और समवशरण की प्रतिकृतियां
श्रीचन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद जैन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल जैन नसिया जी परिसर स्थित जैन वाटिका में विशाल पांडाल सजाया गया है। यहां समवशरणों की प्रतिकृति तैयार की गई है, जहां श्रद्धालु विधान पूजन कर सकेंगे।
सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की भरमार
22 सितम्बर की रात 8 बजे: जादूगर विल्सन का मैजिक शो। 23 से 28 सितम्बर तक: प्रतिदिन प्रात: 6 बजे से श्रीजी का अभिषेक, शांति धारा, नित्य पूजन व समवशरण अर्चना। 23 सितम्बर, शाम 7:30 बजे: इंद्रसभा नाटिका – चक्रेश जैन सोजना के सानिध्य में। 24 सितम्बर, शाम 6:30 बजे: अभिषेक जैन जयपुर द्वारा जैन भजनों की प्रस्तुति। 24 सितम्बर, शाम 7:30 बजे: राजा श्रेणिक नाटिका – चक्रेश जैन सोजना के निर्देशन में। 25 सितम्बर, शाम 7:30 बजे: भरत-बाहुबली युद्ध नाटिका – चक्रेश जैन सोजना के निर्देशन में। 26 सितम्बर, शाम 7:30 बजे: संगीत संध्या – रूपेश जैन के सानिध्य में। 27 सितम्बर, शाम 7:30 बजे: अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन – डॉ. कमलेश जैन बसंत के संचालन में।
इसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय हास्य कवि बलवंत सिंह बल्लू केसरिया, लाफ्टर चैंपियन मुन्ना बैटरी मंदसौर, स्वर कोकिला सपना सोनी आगरा, सिद्धार्थ देवल उदयपुर, जैन स्टार कवि सजल जैन जबलपुर, गीतकार ललित जैन मधुर शामिल रहेंगे।
विश्वशांति महायज्ञ से होगा समापन
कार्यक्रम का समापन 28 सितम्बर को विश्वशांति महायज्ञ के साथ होगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे शोभायात्रा की वापसी निकाली जाएगी।
देशभर से आएंगे श्रद्धालु
आयोजकों ने बताया कि इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुजन भाग लेने के लिए अलवर पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में अलवर का माहौल पूरी तरह से धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में रंगा रहेगा।