हत्या मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जयपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी जयपुर की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में भट्टा बस्ती में हुई 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले को लेकर पीड़ित परिवार के साथ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पार्टी की ओर से इस प्रतिनिधिमंडल में कॉमरेड सुमित्रा चोपड़ा, कुसुम साईवाल और रितांश आजाद शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को अवगत कराया कि इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मांग की कि मामले में तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
इस पर पुलिस कमिश्नर ने पीड़ित परिवार और पार्टी प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल डीसीपी नॉर्थ से भी मिला, जिन्होंने भी मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पार्टी की ओर से पुलिस कमिश्नरेट में दिए गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो पार्टी आम जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

