राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जीएसटी के मुद्दे पर जोरदार हमला बोला
मिशन सच न्यूज़, अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जीएसटी के मुद्दे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बीते आठ सालों में गरीबों की जेब से हजारों-लाखों करोड़ रुपए जीएसटी के नाम पर वसूले, अब इसकी दरों में कमी कर झूठी वाहवाही लूटी जा रही है।
जूली ने अलवर के मोती डूंगरी स्थित अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री और नेता लगातार यह माहौल बना रहे हैं कि जीएसटी दरों में कमी से जनता को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी स्वतंत्रता दिवस और हाल ही में देश के नाम संबोधन में इसका जिक्र किया। लेकिन असल सवाल यह है कि जीएसटी लागू किसने किया था और आठ साल तक गरीबों पर बोझ डालने के बाद अब भाजपा क्यों वाहवाही बटोरना चाहती है।
राहुल गांधी पहले ही बता चुके थे जीएसटी स्लैब गलत
नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही चेताया था कि जीएसटी की स्लैब तर्कसंगत नहीं है। यदि भाजपा सरकार ने उनकी बात मान ली होती, तो जनता की जेब से हजारों करोड़ रुपए निकलने से बच जाते।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को माफी मांगनी चाहिए कि उसने आठ साल तक गलत ढंग से जीएसटी वसूली। जूली ने यह भी कहा कि जीएसटी दरों में कमी का वास्तविक लाभ जनता को नहीं मिल पाएगा, क्योंकि प्राइवेट कंपनियां अपने उत्पादों की कीमतें घटाने के लिए तैयार नहीं हैं। सरकारी संस्थाओं ने दरें घटाने की घोषणा की है, लेकिन निजी संस्थाओं ने ऐसा नहीं किया है।
जीएसटी में हजार बार संशोधन
जूली ने दावा किया कि जीएसटी कानून इतना त्रुटिपूर्ण था कि अब तक इसमें लगभग एक हजार संशोधन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इसे जल्दबाजी और बिना सोचे-समझे लागू किया। अब बार-बार सुधार कर यह दिखाने का प्रयास किया जा रहा है कि जनता को राहत दी जा रही है, जबकि असल में फायदा कॉर्पोरेट कंपनियों को हो रहा है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट और करप्शन हावी
जीएसटी के अलावा टीकाराम जूली ने राजस्थान की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश करप्शन में जकड़ा हुआ है और माफिया का दबदबा बढ़ गया है। खाटूश्यामजी में हरियाणा पुलिस की पिटाई से लेकर मुख्यमंत्री के गृह जिले तक पुलिस पर हमले हुए हैं। इससे साफ है कि पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है।
जूली ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यह “उड़नखटोला सरकार” है। मुख्यमंत्री ज्यादातर समय हेलीकॉप्टर से घूमते रहते हैं और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में अलग से गृहमंत्री नियुक्त किया जाए, ताकि कानून व्यवस्था दुरुस्त हो सके।
अलवर सरस डेयरी चुनाव पर भी साधा निशाना
टीकाराम जूली ने अलवर सरस डेयरी के चुनाव को लेकर भी भाजपा और केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित चेयरमैन ने बेहतर काम किया था और लाखों लीटर दूषित दूध पकड़ा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें हटा दिया।
अब केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव अपने निजी पीए को ही सरस डेयरी का चेयरमैन बनाना चाहते हैं। जूली ने कहा कि भाजपा चुनाव में धांधली करने का प्रयास कर रही है, लेकिन सच ज्यादा दिन छुपाया नहीं जा सकता।
भाजपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने का दावा कर रही है, लेकिन असल में यह सिर्फ एक राजनीतिक चाल है। यदि सरकार को वास्तव में गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता होती तो वह समय रहते जीएसटी की दरों को घटाती। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस की मांग है कि भाजपा जनता से माफी मांगे और स्वीकार करे कि आठ साल तक गलत तरीके से जीएसटी लगाकर करोड़ों रुपए की लूट की गई।
अलवर, प्रदेश व देश की अच्छी खबरें पढ़ने के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1


