प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि भाजपा सरकार के 20 महीने सफलता और उपलब्धियों के रहे हैं
मिशन सच न्यूज़, अलवर।
प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि भाजपा सरकार के 20 महीने सफलता और उपलब्धियों के रहे हैं, जबकि कांग्रेस के लिए यह समय निराशा से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि न तो कांग्रेस जनता के बीच जाती है और न ही सदन में उनकी समस्याएँ उठाती है।
कांग्रेस पर हमला
बेढम ने कहा कि कांग्रेस केवल “वाहवाही लूटने के लिए नाटक मंचन” करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में प्रदेश में “जंगलराज” रहा, जिसे भाजपा सरकार ने 20 महीने में खत्म कर अमन, चैन और शांति का माहौल बनाया।
भाजपा का संकल्प सेवा का
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि भाजपा का संकल्प आम जनता की सेवा है। इसी के तहत कार्यकर्ता गाँव, ढाणी, शहर और वार्डों तक जाकर लोगों की समस्याएँ सुनते और समाधान कराते हैं। उन्होंने कहा भाजपा सेवा का संकल्प लेकर सरकार चलाती है, जबकि कांग्रेस सत्ता भोगने के लिए।
अपराध नियंत्रण पर बोले मंत्री
बेढम ने बताया कि सरकार ने संगठित अपराध, महिला अपराध और एससी-एसटी अत्याचारों में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है और इसके लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की गई है। साइबर अपराध को चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में साइबर ठगों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए साइबर थाने खोले गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित डिप्टी स्तर के अधिकारी तैनात हैं।
सड़क सुरक्षा और रणनीति
मंत्री ने कहा कि उच्च अधिकारियों के साथ समय-समय पर बैठक कर अपराध रोकने की रणनीति बनाई जाती है। उन्होंने आईजी राहुल प्रकाश के नेतृत्व में लागू “रोड पर लेने सिस्टम” को सराहनीय बताया और लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
जवानों के परिवारों के लिए बड़ा कदम
बेढम ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एसबीआई बैंक के साथ एमओयू किया गया है, जिसके तहत आकस्मिक घटनाओं या दुर्घटनाओं की स्थिति में जवानों के परिवारों को करोड़ों रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की तीर्थयात्रा योजना में गोवर्धन को शामिल करने का सुझाव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष रखा जाएगा।


