More
    Homeराज्यराजस्थानमानव जीवन की सफलता तप और ध्यान में निहित: मुनि सुंदर सागर

    मानव जीवन की सफलता तप और ध्यान में निहित: मुनि सुंदर सागर

    जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय सम्मेलन में दिगंबर जैन आचार्य मुनि सुंदर सागर जी महाराज ने कहा कि आज के भौतिक युग में तप, ध्यान और सहनशीलता ही जीवन की सफलता का मार्ग हैं। सांगानेर में आयोजित सम्मेलन में देशभर के जैन पत्रकार शामिल हुए।

    मिशनसच न्यूज, जयपुर ।
    प्रख्यात दिगंबर जैन आचार्य मुनि सुंदर सागर जी महाराज ने कहा है कि आज के भौतिकवादी युग में तप, ध्यान और सहनशीलता की अत्यधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विनय के अभाव में परिवार टूट रहे हैं और समाज में सहनशीलता का ह्रास हो रहा है। यदि जीवन में अनुशासन और ध्यान का भाव जागृत रहे तो मानव जीवन की सफलता सुनिश्चित है।

    रविवार को जैन पत्रकार महासंघ की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में मुनिश्री ने “कलिकाल में तप की महिमा – वैज्ञानिक दृष्टिकोण से” विषय पर अपने विचार प्रकट किए।
    कार्यक्रम का आयोजन सांगानेर चित्रकूट कॉलोनी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में किया गया, जिसमें देशभर से जैन समाज के पत्रकार, संपादक, संवाददाता और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

    मुनिश्री ने अपने प्रवचन में कहा कि “कलिकाल के इस युग में तप केवल धार्मिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी आवश्यक है। तप के माध्यम से मन, वचन और शरीर को संयमित किया जा सकता है।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर सहनशीलता, सेवा और सच्चाई को स्थापित करना चाहिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि आज के युग में श्रावक अपने मूल गुणों का पालन नहीं कर पा रहा है, यह जैन समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति से आग्रह किया कि वह हित, मित्र और प्रिय वचन बोलने का प्रयास करे।

    मुनिश्री ने कहा कि अभिभावकों का यह दायित्व है कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उन्हें अनुशासित जीवन जीने की शिक्षा दें और समाज के प्रति संवेदनशील बनाएं।

    कार्यक्रम में जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि इस सम्मेलन में राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों के पत्रकार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य जैन धर्म, संस्कृति और पत्रकारिता के बीच सेतु का कार्य करना है।

    महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, मुख्य संयोजक दीपक जैन, रामबाबू जैन सहित कई गणमान्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारिणी की ओर से जैन पत्रकारों का नागरिक अभिनंदन किया गया।

    प्रवक्ता ने बताया कि 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आचार्य श्री सुंदर सागर जी महाराज के सानिध्य में भगवती जिन दीक्षा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here