More
    Homeमा. उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना पर टीकाराम जूली का तीखा...

    मा. उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना पर टीकाराम जूली का तीखा प्रहार

    राजीव गांधी सेवा केन्द्रों का नाम बदला जाना दुर्भाग्यपूर्ण — जूली ने कहा हर स्तर पर लड़ेगी संघर्ष

    मिशनसच न्यूज,  जयपुर। राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने राज्य सरकार द्वारा भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों की नाम पट्टिकाओं से ‘राजीव गांधी’ का नाम हटाने को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जूली ने कहा कि यह कदम माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों की खुली अवमानना है और भाजपा सरकार की “ओछी मानसिकता” को दर्शाता है।

    टीकाराम जूली
    टीकाराम जूली

    जूली ने कहा कि “लोकतंत्र में सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर इस प्रकार का कार्य अत्यंत निंदनीय और आपत्तिजनक है।” उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा इस मामले में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, जिस पर न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश जारी कर सेवा केन्द्रों के पूर्ववत् नाम यथास्थिति रखने के आदेश दिए थे।

    इसके बावजूद, जूली के अनुसार, राज्य सरकार ने 19 सितम्बर 2025 को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के आदेश क्रमांक एफ.4(1111) परावि/पीसी/विविध/22-00409 जारी कर सभी “भारत निर्माण सेवा केन्द्रों” की मरम्मत एवं रंग-रोगन के निर्देश दिए। लेकिन इस आदेश की आड़ में योजनाबद्ध तरीके से भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों की नाम पट्टिकाओं से राजीव गांधी जी का नाम हटा दिया गया।

    प्रतिपक्ष के नेता जूली ने इस पर मुख्यमंत्री और शासन सचिव को पत्र लिखकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में सेवा केन्द्रों की नाम पट्टिकाओं पर पुनः राजीव गांधी जी का नाम जोड़ा जाए और पूर्ववत् स्थिति बहाल की जाए।

    जूली ने स्पष्ट कहा कि “कांग्रेस भाजपा सरकार की इस हठधर्मिता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यह न्यायालय की अवमानना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस इसके खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार है।”

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here