More
    Homeचलती ट्रेन में खौफनाक वारदात: मामूली कहासुनी में युवक को लात मारकर...

    चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात: मामूली कहासुनी में युवक को लात मारकर नीचे फेंका

    चलती ट्रेन से नीचे फेंका, अस्पताल में भर्ती 

    मिशनसच न्यूज,  अलवर। अलवर जीआरपी थाना क्षेत्र में खैरथल के पास रविवार को चलती ट्रेन में हुई कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया। मामूली बात पर दो यात्रियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे को लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी विजय के रूप में हुई है, जो जयपुर में बेल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता है। जानकारी के अनुसार विजय ट्रेन से जयपुर जा रहा था। उसने गुटखा खा रखा था और थूकने के लिए पास बैठे युवक से थोड़ी जगह देने को कहा। इसी बात पर सामने बैठे युवक ने नाराजगी जताई और अचानक गुस्से में आकर विजय को लात मार दी। लात लगते ही विजय संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।

    घटना के बाद ट्रैक किनारे मौजूद लोगों ने तत्काल खैरथल रेलवे स्टेशन और जीआरपी को सूचना दी। घायल अवस्था में विजय को पहले खैरथल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

    विजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था—सिर्फ थोड़ी जगह देने को कहने पर ही युवक ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से ट्रेन में मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बन गया।

    मामले की जानकारी मिलते ही जीआरपी खैरथल ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और यात्रियों के बयान जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

    स्थानीय यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में छोटी-छोटी कहासुनियां भी बड़ी वारदातों का रूप ले रही हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किए जाने की जरूरत है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here