अलवर प्रवेश उद्यान का केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव एवं राज्य के वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने किया शुभारंभ
शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास — केंद्रीय मंत्री
मिशनसच न्यूज अलवर, । केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शनिवार को टेल्को चौराहे के पास नगर विकास न्यास द्वारा विकसित 39.30 लाख रुपये लागत से निर्मित अलवर प्रवेश उद्यान का लोकार्पण किया। यह उद्यान अलवर शहर की सौन्दर्यवृद्धि और हरियाली को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
“अलवर को स्वच्छ–हराभरा बनाना हमारी प्राथमिकता” — भूपेंद्र यादव
लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने कहा कि अलवर शहर को स्वच्छ, हराभरा और आकर्षक बनाने के लिए सरकार और नगर विकास न्यास द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के चारों प्रमुख प्रवेश द्वारों के साथ-साथ भीतरी क्षेत्र में भी सौन्दर्यकरण के व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस नए विकसित प्रवेश उद्यान में ग्रीन स्पेस, छोटा पार्क, स्टेज, और आकर्षक वॉल आर्ट तैयार की गई है। साथ ही वाद्ययंत्र बजाते एवं नृत्य करते कलाकारों की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जो शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
“अलवर को विशिष्ट पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम” — संजय शर्मा
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि टेल्को सर्किल पर विकसित यह प्रवेश उद्यान अलवर की सुंदरता में एक नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि शहर की चारों दिशाओं में भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कर अलवर को विशिष्ट पहचान देने की दिशा में तेज़ी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने हालिया बजट में अलवर को विशेष प्राथमिकता दी है और केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव द्वारा जिले को लगातार महत्वपूर्ण सौगातें मिल रही हैं।
जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, यूआईटी सचिव श्रीमती धीगदे स्नेहल नाना, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, एडीएम द्वितीय योगेश डागुर, भूमि अवाप्ति अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
- मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_cइसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


