More
    Homeराज्यबिहारझारखंड Weather: क्या आपके शहर में भी पड़ेगी पाला? 5 और 6...

    झारखंड Weather: क्या आपके शहर में भी पड़ेगी पाला? 5 और 6 दिसंबर को तापमान गिरने का अलर्ट, फटाफट चेक करें मौसम अपडेट

    रांची: झारखंड में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। रांची और आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। बुधवार को कई जगहों पर रात का तापमान 10–11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची के कांके और मैक्लुस्कीगंज में पारा गिरकर 7 डिग्री पहुंच गया। तापमान में इस अचानक गिरावट से सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।

    मौसम केंद्र रांची ने 4 दिसंबर से आसमान साफ रहने की संभावना जताई है और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3–4 डिग्री तक की और गिरावट की उम्मीद है। विभाग ने 5 और 6 दिसंबर के लिए Cold Wave Alert (येलो अलर्ट) जारी किया है। इस दौरान रांची का रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।

    शीतलहर की चेतावनी झारखंड के कई जिलों में जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 5–6 दिसंबर को शीतलहर चल सकती है। इन जिलों में अचानक तापमान गिरने और सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 9 दिसंबर तक सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।

    बढ़ती ठंड को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने अलाव व्यवस्था शुरू कर दी है। उपायुक्त मंजूनाथ भतंत्री ने सभी प्रखंडों में अलाव उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को राहत मिल सके। बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 23–24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं डालटनगंज में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान और तेजी से गिरेगा और ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here