जनसभा में किशनगढ़ बास मंडल से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल, पूर्व विधायक ने सौंपी जिम्मेदारियां
मिशनसच न्यूज, खैरथल/किशनगढ़ बास। अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव 13 जनवरी को खैरथल में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 160 करोड़ रुपये लागत की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे विशाल जनसभा को संबोधित कर क्षेत्र की जनता को विकास के नये संकल्पों से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में किशनगढ़ बास विधानसभा क्षेत्र से हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की तैयारी है।
राष्ट्रीय परिषद भाजपा सदस्य एवं किशनगढ़ बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव ने बुधवार को भाजपा मंडल किशनगढ़ बास की महत्वपूर्ण बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बैठक अनाज मंडी स्थित भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक रामहेत यादव ने बताया कि 13 जनवरी को सुबह 11 बजे खैरथल के होटल ग्रीनलैंड में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किशनगढ़ बास विधानसभा के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इन योजनाओं से सड़क, पेयजल, शिक्षा, चिकित्सा और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। यादव ने मंडल अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपते हुए कार्यकर्ताओं से अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में विधानसभा बीएलए राजेश बटवाड़ा ने एसआईआर सूची में जिन मतदाताओं के नाम कट गये हैं, उनके दस्तावेज पूर्ण कराकर पुनः नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने में सहयोग देने की अपील की।
सोशल मीडिया प्रभारी अजय योगी ने बताया कि बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामहेत यादव, विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री अनूप यादव तथा जिला उपाध्यक्ष राजेश बटवाड़ा द्वारा महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान मंडल महामंत्री जगदीश यादव, मंडल उपाध्यक्ष जसवंत यादव, तेजसिंह सैनी, पूर्व जिला पार्षद रहमत खां, रहमत खां मेवाती, युवा नेता विश्वास यादव, व्यापार महासंघ अध्यक्ष परमानंद लख्याणी, सरपंच प्रताप यादव, पूर्व सरपंच भोलाराम शर्मा, रमेश जांगिड़, विनोद मिश्रा, संदीप वलेचा, हीरू हरवानी, हारून खां, अनिल कुमार, अशोक यादव, रिंकेश गुप्ता, विजय गुर्जर, पार्षद अनिल शर्मा, हेमेन्द्र चौधरी, प्रकाश प्रजापत, सुगन गुर्जर, सुरेश भेडी, धनीराम लम्बू, सतपाल चौधरी, राजकुमार गुर्जर, बस्तीराम यादव, सुरेश यादव सहित भाजपा मंडल किशनगढ़ बास के अनेक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय मंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में विकास की गति को नई ऊर्जा देगा और आगामी निकाय व पंचायती राज चुनावों से पूर्व संगठन को और अधिक सशक्त करेगा। किशनगढ़ बास मंडल ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


