न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीद की प्रक्रिया और पंजीकरण की जानकारी जारी
मिशनसच न्यूज, अलवर। भारत सरकार द्वारा रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में किसानों के लिए पंजीकरण एवं खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जारी की गई है।
राज्य के किसान अपनी गेहूँ की उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर विक्रय करने हेतु 1 फरवरी से 25 जून 2026 तक स्वयं अथवा ई-मित्र केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। पंजीकरण खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग राजस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध ‘गेहूँ खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ के माध्यम से किया जाएगा।
पंजीकरण के लिए किसान के पास अद्यतन जन आधार कार्ड होना अनिवार्य है। किसान द्वारा विक्रय की गई उपज का भुगतान सीधे जन आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा। इसलिए किसान को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिस बैंक खाते में भुगतान प्राप्त करना है, वह जन आधार से लिंक हो।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध है। किसानों को पंजीकरण अथवा गेहूँ खरीद से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 पर राजकीय कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही किसानों को खरीद से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर दी जाएंगी।
राज्य में रबी विपणन सीजन 2026-27 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीद का कार्य 10 मार्च से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में कुल 383 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी सूची खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग राजस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस वर्ष गेहूँ खरीद का कार्य भारतीय खाद्य निगम, राजफेड, तिलम संघ, नाफेड एवं एनसीसीएफ के साथ-साथ राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से भी किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

