विधानसभा में जल संसाधन मंत्री का बयान, लिफ्ट सिंचाई योजनाओं पर भी रखी स्थिति स्पष्ट
मिशनसच न्यूज, जयपुर। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि चौरासी विधानसभा क्षेत्र में अमरपुरा बांध में अधिशेष जल की उपलब्धता, निर्मित नहरों की जल परिवहन क्षमता एवं उपादेयता के अनुसार गुणावगुण के आधार पर अतिरिक्त कमांड क्षेत्र के विकास के संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा।
जल संसाधन मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक अनिल कुमार कटारा द्वारा इस विषय में पूछे गए पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सोलर आधारित लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए उचित स्थान का चयन कर यदि जल उपलब्धता अनुकूल पाई जाती है, तो विभाग द्वारा प्रस्ताव को स्वीकृति हेतु जनजाति विकास विभाग को भेजा जाएगा।
मंत्री ने इससे पूर्व विधायक के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र चौरासी में वर्तमान में कोई भी लिफ्ट सिंचाई परियोजना संचालित नहीं है। उन्होंने बताया कि भेका नाका बांध एवं वारंदा बांध में जल उपलब्धता संतोषजनक होने के कारण अमरपुरा बांध से लिफ्ट द्वारा जल पहुंचाने का प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
जल संसाधन मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि हेटकी (डेटकी) बांध एवं पीठ भंडारी बांध स्थानीय तालाब होने के कारण इनमें पृथक से जल भरने के लिए लिफ्ट योजना पर विचार नहीं किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संसाधनों के समुचित उपयोग और क्षेत्रीय आवश्यकता के अनुसार योजनाओं के क्रियान्वयन को प्राथमिकता दे रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

