More
    Homeराज्यबिहारथाने में दो बहनों का हंगामा, पुलिसकर्मी पर किया हमला

    थाने में दो बहनों का हंगामा, पुलिसकर्मी पर किया हमला

    वैशाली थाना क्षेत्र के खरौना पोखर के निकट स्थित एक होटल से मंगलवार को रेस्क्यू की गई महिला ने अपनी बहन के साथ बुधवार को वैशाली थाने में जमकर हंगामा किया। दोनों बहनों ने हंगामे के दौरान एक महिला पुलिस पदाधिकारी और एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की तथा थाना परिसर में तोड़फोड़ की। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनों ने महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करते हुए उनके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी। वहीं एक अन्य पुलिस जवान के साथ भी हाथापाई की गई। घायल महिला पुलिस पदाधिकारी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि महिला पुलिस पदाधिकारी नीतू कुमारी के हाथ में गंभीर चोट आई है।

    देह व्यापार के मामले में फंसे होने का आरोप था

    पुलिस के अनुसार, मंगलवार को वैशाली थाना की टीम ने देह व्यापार के मामले में एक होटल से मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा निवासी एक महिला को रेस्क्यू किया था। बुधवार सुबह उक्त महिला की बहन थाने पहुंची और पुलिस पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस अवर निरीक्षक नीतू कुमारी और सिपाही अमरजीत कुमार के साथ मारपीट की गई। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिला और उसकी बहन ने थाना परिसर में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। थाना परिसर के कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कुछ समय के लिए बिजली व्यवस्था भी बाधित रही। दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here