रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सुजान गंगा में 6 लोगों को बचाने का अभ्यास
भरतपुर। सुजान गंगा नहर में लोगों से भरी नाव पलटने और 6 लोगों के डूबने की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही SDRF, सिविल डिफेंस, पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह एक मॉक ड्रिल थी, जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता और समन्वय की जांच करना था।
गांधी पार्क के पास मिला था सूचना बिंदु
एडीएम राहुल सैनी ने बताया कि गांधी पार्क के पास स्थित वोट प्वाइंट पर नाव पलटने की सूचना प्राप्त हुई थी। बताया गया कि नाव पलटने से 6 लोग सुजान गंगा नहर में डूब गए हैं।
सूचना मिलते ही SDRF और सिविल डिफेंस के गोताखोर नहर में उतरे। पुलिस के तीन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सभी टीमों के बीच समन्वय स्थापित किया गया।
सभी टीमों ने दिखाया समन्वय
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी अलर्ट मोड पर रहीं। नहर में सर्च ऑपरेशन चलाकर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई अन्य व्यक्ति पानी में फंसा न हो।
अधिकारियों ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों को अलर्ट रखना और किसी वास्तविक दुर्घटना की स्थिति में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के अभ्यास से आपदा प्रबंधन तंत्र मजबूत होता है और आपातकालीन हालात में प्रतिक्रिया समय कम किया जा सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


