More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रनागपुर में रफ्तार का कहर, दो मालवाहकों की भिड़ंत में गई चार...

    नागपुर में रफ्तार का कहर, दो मालवाहकों की भिड़ंत में गई चार लोगों की जान

    नागपुर। नागपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अनियंत्रित माल वाहकों की चपेट में आने से भीषण सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई हैं, जिनमें चार लोगों की असमय दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दुखद घटना वाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई, जहां सोमवानगर निवासी राजू ठाकुर (54) तथा लावा निवासी सिद्धार्थ चोखाराम धोंगड़े (60) की हादसे में जान चली गई, जबकि उनके साथी आकाश चुन्नीलाल चोखांद्रे (55) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शुक्रवार सायं तीन लोग दोपहिया वाहन से लावा मार्ग की ओर जा रहे थे, तभी लावा श्मशान घाट के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही वाड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मेयो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया और उपचार के दौरान सिद्धार्थ की भी मृत्यु हो गई।

    वाठोड़ा और भांडेवाड़ी क्षेत्र में पिकअप व ट्रक की टक्कर से दो की मौत

    दूसरी सड़क दुर्घटना वाठोड़ा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बिडगांव रोड पर पॉलीकैब कंपनी के सामने घटी, जहां दिवाली की खरीदारी करने जा रहे दोपहिया सवारों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बिडगांव निवासी किशोर उकुंडा जामगड़े (55) की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके साथी शिवकुमार शाहू मामूली रूप से घायल हुए। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। वहीं तीसरी घटना भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र में हुई, जहां लकड़गंज के एक कारखाने से वेल्डिंग का कार्य निपटाकर साइकिल से अपने घर लौट रहे धरती मां नगर निवासी राजेश मधुकरराव चावरे (47) को संघर्षनगर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। मेडिकल ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान देर रात राजेश ने दम तोड़ दिया।

    नशे में धुत कार चालक का तांडव, कई वाहन सवारों को रौंदा

    भांडेवाड़ी थाना अंतर्गत ही एक अन्य सनसनीखेज वाकया सामने आया, जहां शराब के अत्यधिक नशे में धुत एक कार चालक ने संघर्षनगर मार्ग पर जमकर हुड़दंग मचाया और कई गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। आरोपी बेसा निवासी संदेश बाबूलाल नामदेव (40) अपनी कार को अत्यंत लापरवाही से चलाते हुए एचबी टाउन से संघर्षनगर की ओर जा रहा था। इस दौरान उसने बाइक सवार संतोष नंदनवार, पोहा दुकान संचालक ज्ञानेश्वर गायकवाड़ तथा एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, जिससे 3 से 4 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को मौके पर ही घेर लिया। भांडेवाड़ी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित दुर्घटनाओं के मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here