हिंडौन–जयपुर (वाया टोडाभीम) रूट पर कम यात्रीभार के चलते रोडवेज सेवा बंद, पुनः निविदा प्रक्रियाधीन
जयपुर। उप मुख्यमंत्री व परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 800 नई बसें खरीदी गई हैं तथा आगे भी बसें खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रभावी संचालन के कारण राजस्थान राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) पहली बार लाभ में आया है।
प्रश्नकाल के दौरान सदस्य घनश्याम द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के जवाब में डॉ. बैरवा ने बताया कि हिंडौन सिटी से जयपुर (वाया लपावली-नांगल शेरपुर-बालघाट-टोडाभीम) संचालित निगम बस सेवा को कम यात्रीभार के कारण बंद किया गया।
उन्होंने बताया कि जून 2025 में इस रूट पर यात्री भार 58 प्रतिशत, जुलाई में 60 प्रतिशत, अगस्त में 64 प्रतिशत, सितंबर में 53 प्रतिशत, अक्टूबर में 60 प्रतिशत तथा नवंबर में 60 प्रतिशत रहा। कम यात्रीभार और कम आय प्रति किलोमीटर के कारण दिसंबर 2025 से बस सेवा का संचालन बंद कर दिया गया। पिछले तीन वर्षों में इसके अतिरिक्त कोई अन्य बस सेवा बंद नहीं की गई है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि इस रूट पर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के तहत निविदा जारी की गई थी, लेकिन कोई संवेदक सामने नहीं आया। अब पुनः निविदा प्रक्रिया जारी है और संवेदक उपलब्ध होते ही बस सेवा पुनः प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने टोडाभीम क्षेत्र में निगम बस चालकों पर निजी बस संचालकों से मिलीभगत के आरोपों की जांच कराने की भी बात कही।
लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र टोडाभीम की 30 ग्राम पंचायतें वर्तमान में रोडवेज बस सेवाओं से जुड़ी हुई हैं, जबकि 43 ग्राम पंचायतें अभी वंचित हैं। परिवर्तित बजट 2024-25 की घोषणा के तहत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोक परिवहन सेवा शुरू करने के लिए राज्य के 357 ग्रामीण मार्गों पर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल से बस संचालन हेतु निविदाएं जारी की गई थीं, लेकिन टोडाभीम के मार्गों पर किसी संवेदक ने भाग नहीं लिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में निगम के सीमित संसाधनों के कारण हिंडौन–जयपुर (वाया टोडाभीम) बस सेवा पुनः प्रारंभ करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

