भवन विहीन स्कूलों में पीएबी राशि मिलने पर होगा निर्माण, रिक्त पद शीघ्र भरने का आश्वासन
जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य के विद्यालयों की प्रयोगशालाओं में 1 अप्रैल 2026 से प्रयोगशाला सामग्री उपलब्ध कराना शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही जिन विद्यालयों में भवन उपलब्ध नहीं है, वहां पीएबी (PAB) से राशि प्राप्त होने पर निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी जाएगी।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक अर्जुन लाल के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा।
विद्यालय क्रमोन्नयन के स्पष्ट मानदंड
मंत्री ने बताया कि विद्यालयों के क्रमोन्नयन के लिए स्पष्ट नियम निर्धारित हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च स्तर पर क्रमोन्नत करने के लिए:
कक्षा 8 में न्यूनतम 30 छात्रों का नामांकन,
गांव की जनसंख्या कम से कम 1500,
5 किलोमीटर की परिधि में कोई अन्य उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं होना आवश्यक है।
इन्हीं मानदंडों के आधार पर नए विद्यालय खोलने एवं क्रमोन्नयन के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र में स्टाफिंग पैटर्न पूर्ण कर दिया जाएगा।
बिलाड़ा क्षेत्र में क्रमोन्नयन की स्थिति
मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बिलाड़ा में पिछले दो वर्षों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गुजरों व देवासियों की ढाणी देवनगर (ब्लॉक बिलाड़ा) को उच्च प्राथमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बिलाड़ा क्षेत्र में किसी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत नहीं किया गया है।
नए संकाय और पद स्वीकृत
मंत्री ने बताया कि बिलाड़ा क्षेत्र में:
राउमावि पिचियाक में कला संकाय,
राउमावि पालासनी में विज्ञान संकाय,
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खारिया मीठापुर, भटिण्डाल, बीसलपुर एवं तिलवासनी में विज्ञान संकाय स्वीकृत किए गए हैं।
इन विद्यालयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित के 4-4 पद स्वीकृत किए गए हैं। तिलवासनी विद्यालय में जीव विज्ञान व्याख्याता का एक पद भर दिया गया है।
भर्ती प्रक्रिया जारी
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती-2022 (लेवल-1 एवं लेवल-2) के लिए 16 दिसंबर 2022 को Rajasthan Staff Selection Board द्वारा 48 हजार पदों पर विज्ञप्ति जारी की गई थी। वर्तमान में 45,895 पदों पर जिला आवंटन किया जा चुका है। शेष अभ्यर्थियों की अनुशंसा प्राप्त होने के बाद नियुक्ति की कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग में 11 जुलाई 2024 की विज्ञप्ति के अंतर्गत शेष पदों पर चयन उपरांत संबंधित विद्यालयों में पदस्थापन की प्रक्रिया जारी है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, प्रयोगशाला सुविधाएं उपलब्ध कराने और रिक्त पदों को भरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

