पशुपालक सम्मान योजना में चयनित पशुपालकों को पंचायत स्तर पर 10 हजार, जिला स्तर पर 25 हजार और राज्य स्तर पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी
अलवर। राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह योजना के अंतर्गत प्रगतिशील पशुपालकों का चयन पंचायत समिति, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित दो पशुपालकों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इच्छुक पशुपालक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड कर 31 मार्च तक नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था के प्रभारी को प्रस्तुत कर सकते हैं।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रमेश चन्द मीना ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना, उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन बढ़ावा देना और नवीनतम तकनीकों के माध्यम से पशु देखभाल को प्रोत्साहित करना है। इससे पशुपालकों को आर्थिक एवं सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पंचायत समिति स्तर पर चयनित पशुपालक को 10 हजार रुपये, जिला स्तर पर चयनित पशुपालक को 25 हजार रुपये तथा राज्य स्तर पर चयनित पशुपालकों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह में प्रदान की जाएगी।
जिले की प्रत्येक पंचायत समिति से एक-एक पशुपालक का चयन किया जाएगा, जबकि जिला स्तर पर दो पशुपालकों को चयनित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर दो श्रेष्ठ पशुपालकों का चयन किया जाएगा।
डॉ. मीना ने जिले के सभी प्रगतिशील पशुपालकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय पर आवेदन करें। आवेदन पत्र एवं योजना की विस्तृत जानकारी के लिए जिला कार्यालय, उपनिदेशक पशुपालन विभाग या नजदीकी राजकीय पशु चिकित्सालय से संपर्क किया जा सकता है।
इच्छुक पशुपालक अपने आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ 31 मार्च 2026 तक नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था के प्रभारी को प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट www.animalhusbandry.rajasthan.gov.in से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

