विकास कार्यों में खेल सुविधाओं का विस्तार, लालडिग्गी में म्यूजिकल फाउंटेन और बुध विहार में कन्वेंशन सेंटर का होगा निर्माण
अलवर। जिला प्रशासन की अनुशंसा पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजनान्तर्गत राज्य सरकार ने अलवर शहर में खेल एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा कन्वेंशन सेंटर निर्माण के लिए 14 करोड़ 40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना में राज्य सरकार द्वारा 9 करोड़ 70 लाख रुपये तथा नगर विकास न्यास द्वारा 4 करोड़ 70 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अलवर शहर में खेल एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और कन्वेंशन सेंटर विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटक स्थल लालडिग्गी में 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन साउंड शो, विद्युतीकरण कार्य, प्लास्टर एवं आकर्षक पेंटिंग, सुलभ शौचालय, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, फूड कोर्ट और केनोपी सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
इसी प्रकार 5 करोड़ रुपये की लागत से बुध विहार में लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। यह सेंटर बैठक, सम्मेलन, कार्यशाला और प्रदर्शनी जैसे आयोजनों के लिए उपयोगी होगा, जिससे आमजन को भी सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत से हसन खां मेवाती नगर में लगभग 6200 वर्गमीटर भूमि पर इंडोर बैडमिंटन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, पिकल बॉल कोर्ट और विद्युतीकरण सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। इससे युवाओं को खेल-कूद के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अतिरिक्त शेष राशि से अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे शहर के खेल, पर्यटन और सामाजिक आयोजनों की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

