लाखों पौधों से विकसित हुआ ग्रीन फॉरेस्ट, स्मृति वन भीलवाड़ा शहर के ‘लंग्स’ जैसा बताया
भीलवाड़ा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ओएसडी एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गोपाल चंद्र डाड के भीलवाड़ा आगमन पर स्मृति वन में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया गया। इस अवसर पर पूर्व न्यास अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डाड और पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू ने अमृता देवी विश्नोई की तस्वीर भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान राजकुमार कोठारी और हेमराज जागेटिया भी उपस्थित रहे। पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू ने डाड को स्मृति वन की जानकारी देते हुए बताया कि स्मृति वन करीब 315 बीघा तथा हरनी की पहाड़ी लगभग 150 बीघा क्षेत्र में फैली हुई है। यहां अब तक लाखों पौधे लगाए जा चुके हैं, जो आज घने हरित क्षेत्र के रूप में विकसित होकर एक ग्रीन फॉरेस्ट का रूप ले चुके हैं।
स्मृति वन और हरनी की पहाड़ी क्षेत्र का अवलोकन करते हुए आईएएस अधिकारी गोपाल चंद्र डाड लाखों पौधों से आच्छादित इस हरित क्षेत्र को देखकर अभिभूत हो गए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा के लिए यह स्मृति वन शहर के “लंग्स” की तरह कार्य कर रहा है, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे इस प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य शहरों के लिए भी उदाहरण बन सकते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


