गाजियाबाद: मेडिकल छात्रा आत्महत्या
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ विहार की वृंदावन सोसायटी में एक मेडिकल छात्रा ने अपने किराए के फ्लैट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को फंदे से उतारा। जांच के दौरान छात्रा के मोबाइल फोन से एक वीडियो और कमरे से एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें उसने अपने मानसिक तनाव और निजी संबंधों को लेकर कई बातें लिखी थीं।
मृतक छात्रा की पहचान 25 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र के समौली गांव की रहने वाली थी। आरती नोएडा की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से फिजियोथेरेपी के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और गाजियाबाद की वृंदावन सोसायटी में किराए के फ्लैट में रहती थी।
आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
पुलिस के अनुसार आरती ने सोमवार देर रात अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला है, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कहा कि यह फैसला उसने खुद लिया है और इसके लिए किसी अन्य को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
वीडियो में आरती ने बताया कि पहले परिवार ने उसे ठुकराया और बाद में प्यार में भी उसे धोखा मिला। उसने अपने एक दोस्त के साथ जिंदगी बिताने का सपना देखा था, लेकिन उस दोस्त ने किसी और से शादी कर ली, जिससे वह गहरे सदमे में चली गई।
डायरी में लिखी दिल की बातें
पुलिस को कमरे से एक डायरी भी मिली है, जिसमें आरती ने अपने मन की पीड़ा लिखी थी। डायरी में उसने लिखा कि उनके बीच का रिश्ता विश्वास पर टिका था, लेकिन जब उसने अपने दोस्त को उसकी पत्नी के साथ देखा तो वह पूरी तरह टूट गई।
डायरी में उसने यह भी लिखा कि जिंदगी में उसने बहुत कुछ सहा है। पहले अपने लोगों ने साथ छोड़ दिया और अब प्यार ने भी धोखा दे दिया। उसने भावुक होकर लिखा कि वह उस व्यक्ति के साथ किसी भी रूप में रह लेती, लेकिन अब उसके सामने कोई रास्ता नहीं बचा।
मोबाइल कॉल और चैट की भी जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार रात करीब 10 बजे से देर रात तक एक मोबाइल नंबर से आरती के फोन पर करीब 11 कॉल आई थीं। इनमें से कुछ कॉल उसने उठाई थीं, जबकि बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया था।
मोबाइल फोन में करीब 23 चैट मैसेज भी मिले हैं, जिनमें प्यार में धोखा मिलने और मानसिक तनाव की बातें सामने आई हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दोस्त ने दी पुलिस को सूचना
बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब दो बजे आरती के साथ क्लब में काम करने वाला उसका एक दोस्त उसके कमरे पर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाकर खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो आरती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की जांच कराई गई और कुछ अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए गए।
पुलिस का बयान
एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि मेडिकल छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मौके से मोबाइल फोन में एक वीडियो और कमरे से डायरी बरामद हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


