शहादत दिवस कार्यक्रम में सौहार्द का दिया संदेश
अलवर। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने अलवर शहर स्थित फ्रेंड्स गार्डन में शहीद राजा हसन खां मेवाती के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मेवात की संस्कृति साझा विरासत की अनूठी पहचान लिए हुए है और यह वीरों की भूमि रही है। उन्होंने कहा कि राजा हसन खां मेवाती ने बाबर जैसे आक्रांताओं के विरुद्ध खानवा के युद्ध में राणा सांगा की ओर से लड़ते हुए वीरता, पराक्रम और वतनपरस्ती की मिसाल पेश की, जिससे अलवर का नाम इतिहास में अमर हो गया। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान केवल मेवात या राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. मीणा ने कहा कि अलवर का इतिहास प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का रहा है, जिसे बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने समाज की उन्नति के लिए शिक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर उन्होंने रमजान के पवित्र माह में मेव समाज द्वारा आयोजित इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने हसन खां मेवाती पैनोरमा पहुंचकर वीर योद्धा हसन खां मेवाती को माला पहनाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और पैनोरमा का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नसरू खान, मौलाना हनीफ सहित कई प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


