केसरपुर ई-विद्या डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों से संवाद कर किया प्रोत्साहित
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसरपुर का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ई-विद्या प्रोजेक्ट के तहत तैयार की गई डिजिटल ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें बेहतर अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कक्षा-कक्षों, साफ-सफाई व्यवस्था, ई-लाइब्रेरी एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन कर प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कठिन विषयों पर विशेष फोकस करते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से भी जोड़ने पर बल दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर, क्लास रूम और शौचालयों में साफ-सफाई व स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखी जाएं। ई-लाइब्रेरी में कंप्यूटर पर अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया और उन्हें मेहनत व दृढ़ निश्चय के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
जिला कलक्टर ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए डिजिटल लाइब्रेरी का नियमित उपयोग सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक अभ्यास करवाया जाए। साथ ही उन्होंने मेट्सो कंपनी द्वारा निर्मित इस ई-लाइब्रेरी के लिए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर समसा के एडीपीसी मनोज कुमार शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी अश्विनी शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उमरैण सीमा शर्मा, प्रधानाचार्य पूनम खत्री तथा मेट्सो कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


