अवैध खनन के खिलाफ छापा, उद्योग नगर क्षेत्र में 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
अलवर। शहर के समीप उद्योग नगर थाना क्षेत्र के घेघोली गांव की पहाड़ियों में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कई बार कार्रवाई के बावजूद भी इस इलाके में लगातार खनन जारी है, जिससे आसपास की छोटी-छोटी पहाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
इसी बीच प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा और प्रशिक्षु आरपीएस रश्मि मीणा के नेतृत्व में उद्योग नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र शहर के नजदीक होने के बावजूद लंबे समय से अवैध खनन का केंद्र बना हुआ है। खननकर्ताओं द्वारा पहाड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। हाल ही में जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर कई वाहन जब्त किए गए थे और खाइयों को भी भरा गया था, लेकिन इसके बावजूद यहां गतिविधियां दोबारा शुरू हो गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि समय-समय पर कार्रवाई होने के बावजूद खान विभाग की नियमित निगरानी नहीं हो रही है और पुलिस की सतत कार्रवाई के अभाव में अवैध खनन बेरोकटोक जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


