लक्ष्मणगढ़ से गणगौर रथ यात्रा रवाना, पारंपरिक झांकियों के साथ दिखा सांस्कृतिक उत्साह
कठूमर। कस्बे के लक्ष्मणगढ़ बस स्टैंड से पूर्व चेयरमैन शेर सिंह मीना और नगरपालिका ईओ बिक्रांत शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य ईसर गणगौर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान कस्बे में निकली शोभायात्रा में ग्रामीण कलाकारों द्वारा पारंपरिक ‘बंब रसिया’ लोकगीत और नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। शाम को दर्जनों आकर्षक झांकियां भी यात्रा के साथ रहीं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
नगरपालिका ईओ ने बताया कि गणगौर माता का रथ लक्ष्मणगढ़ रोड से होते हुए जनूथरिया मोहल्ला, सोती मोहल्ला, झोपड़ी वाला मंदिर, मुख्य बाजार और अंबेडकर पार्क होते हुए पुनः अपने गंतव्य स्थल पर पहुंचा।
इस दौरान आसपास के गांवों से आई सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना की, वहीं कुंवारी बालिकाओं ने योग्य वर के लिए गणगौर माता के दर्शन किए।
होली के बाद सोलह दिन तक पूजन के उपरांत गणगौर माता का विधिवत विसर्जन भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील बजाज, अनिल कौशिक, रमेश चौधरी (जीआईएस), केदार शर्मा, रतनी पार्सल, ब्रजमोहन शर्मा, विक्रम सिंह, कपिल मीना, राम भारद्वाज, बच्चू सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


