नशे की हालत में जहरीला पदार्थ सेवन, अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
अलवर। जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बांदीपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने खेत में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बांदीपुर निवासी 35 वर्षीय जमशेद शनिवार को अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान उसने कथित रूप से शराब के नशे में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए रात करीब 9:30 बजे अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव के सरपंच बुधराम के अनुसार, युवक खेत पर अकेला था और नशे की हालत में यह कदम उठाया। हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं करवाने की इच्छा जताई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


