महावीर जयंती पर सेवा का संदेश: पल्लीवाल जैन युवक मंडल का 28वां रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त संग्रह
अलवर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर श्री जैन नसिया जी में भगवान महावीर के रथ आगमन के साथ सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। श्री पल्लीवाल जैन नवयुवक मंडल द्वारा लगातार 28वें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर राजस्थान सरकार के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज रत्न पवन जैन (चौधरी) ने किया। उन्होंने स्वयं 76वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
मंडल अध्यक्ष राजेश जैन ने बताया कि शिविर में रोटरी क्लब के सहयोग से रक्त संग्रह की व्यवस्था की गई, जिसमें कुल 100 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस दौरान पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाई।
मंडल मंत्री जिनेंद्र जैन ने जानकारी दी कि शिविर में इंजीनियर प्रदीप जैन (अंबेडकर नगर) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं रक्तदाताओं के सम्मान समारोह के भामाशाह महावीर प्रसाद जैन, सुनील जैन एवं मोहित जैन (वेडिंग प्लानर) रहे। सभी रक्तदाताओं को महावीर जयंती मंच पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल द्वारा प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें पिछले वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों का उल्लेख है। स्मारिका का विमोचन टीकाराम जूली, बनवारी लाल सिंघल, पवन जैन चौधरी, इंजीनियर प्रदीप जैन, सुनील जैन सहित मंडल के पारस जैन, ओमप्रकाश जैन, मनोज जैन, नरेंद्र जैन, योगेश जैन, मुकेश जैन, भृतेंद्र जैन, नीतिश जैन, हेमचंद जैन, शुभम जैन, शीतल जैन एवं अन्य वरिष्ठ सदस्यों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम ने महावीर जयंती के संदेश—“जीव दया और सेवा”—को सार्थक करते हुए समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


