More
    Homeराजस्थानखैरथलखैरथल- सड़कें दुर्घटना मुक्त कैसे बने, इस पर हुआ विचार

    खैरथल- सड़कें दुर्घटना मुक्त कैसे बने, इस पर हुआ विचार

    अवैध ब्रेकर हटाने व सड़क सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

    खैरथल। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों को सड़कों से अवैध ब्रेकर हटाने, स्पीड ब्रेकर पर साइन मार्क लगाने तथा रंबल्ड स्ट्रिप स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

    बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने आरएसआरडीसी एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयास करें ताकि जिले की सड़कें दुर्घटना मुक्त बन सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

    उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा करते हुए अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराडे से जानकारी ली। इस पर बताया गया कि स्टार पब्लिक स्कूल के पास बने खतरनाक स्पीड ब्रेकर को दुरुस्त कर दिया गया है, वहीं मातोर से ततारपुर चौराहे के बीच सड़क के गड्ढों एवं स्पीड ब्रेकरों को भी ठीक किया गया है। साथ ही संबंधित एजेंसियों के समन्वय से सड़कों पर चेतावनी संकेतक एवं साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।

    बैठक में यह भी बताया गया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस वर्ष अब तक 5467 चालान कर 33,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अवैध कट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन भी ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन तक पहुंचा सकें।

    उन्होंने जिले के सभी 8 ब्लैक स्पॉट्स पर अधिक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। साथ ही खैरथल-तिजारा एवं भिवाड़ी के पुलिस, पीडब्ल्यूडी और चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं की सूचना आईआरएडी (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस) पर अनिवार्य रूप से दर्ज कर आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    बैठक में डिप्टी एसपी भिवाड़ी शीशराम, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी ओमप्रकाश किराडे, अधिशासी अभियंता आदेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी शकुंतला सहित परिवहन विभाग, रिडकोर एवं आरएसआरडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।

    इसके पश्चात आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here