एसएसबी डेहरा के श्वानों ने मनवाया लोहा
अलवर। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के डेहरा स्थित डॉग ब्रीडिंग एवं ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षित श्वानों ने एक बार फिर अपनी दक्षता का लोहा मनवाया है। अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट 2025-2026 के तहत महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित प्रतियोगिता में एसएसबी डेहरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक हासिल किए और द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कमांडेंट डॉ. ललित देवरी ने बताया कि 2 से 3 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की पैरामिलिट्री फोर्स और विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विशेष रूप से मादक पदार्थ खोजने, विस्फोटक तलाशने और अपराधियों का पता लगाने वाले प्रशिक्षित श्वानों की क्षमताओं का परीक्षण किया गया।
एसएसबी डेहरा के डॉग ब्रीडिंग एवं ट्रेनिंग सेंटर से कुल 6 श्वानों ने भाग लिया। इनमें ‘किमी’ ने मादक पदार्थ खोजने की श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर सबको प्रभावित किया, जबकि ‘सेकंड किमी’ ने अपराधी खोजने में रजत पदक हासिल किया। वहीं ‘रिंकी’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए।
इन श्वानों को सामान्य आरक्षी राजीव डी., मनीष कुमार और रामनिवास जाट ने प्रशिक्षित किया है। पूरी टीम ने कमांडेंट डॉ. ललित देवरी (टीम मैनेजर) और सामान्य आरक्षी रामकिशोर स्वामी (इंस्ट्रक्टर) के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की।
एसएसबी डेहरा की इस सफलता से न केवल अलवर बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और सुरक्षा बलों की प्रशिक्षण क्षमता पर गर्व महसूस किया जा रहा है।


