जिला रोजगार विभाग की कार्रवाई, योजना में गलत भुगतान और दस्तावेज गड़बड़ी का मामला
अलवर। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना-2021 के तहत अनियमितताओं के मामले में जिला रोजगार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाभार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
जिला रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक हरीश कुमार नैनकवाल ने बताया कि रोजगार सेवा निदेशालय जयपुर द्वारा जारी रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाने में ब्लॉक रैणी के ग्राम भूडा, उकेरी सहित अन्य क्षेत्रों के 10 लाभार्थियों के विरुद्ध नियम विरुद्ध भुगतान, दस्तावेज प्रतिस्थापन/परिवर्तन और अन्य अनियमितताओं के आरोप में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा संबल योजना युवाओं को आर्थिक सहायता और रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। ऐसे में योजना का लाभ लेने वाले सभी लाभार्थियों को निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य है।
सहायक निदेशक ने अन्य लाभार्थियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे योजना के प्रावधानों का सही तरीके से अध्ययन करें और केवल पात्रता के आधार पर ही आवेदन करें। साथ ही इंटर्नशिप से संबंधित उपस्थिति पत्रक को विभागीय अधिकारी के हस्ताक्षर, सील, मोबाइल नंबर, प्रेषण संख्या और दिनांक के साथ प्रत्येक माह के प्रथम 15 दिनों के भीतर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

