स्वास्थ्य दिवस पर नि:शुल्क जांच और परामर्श से जागरूकता बढ़ी
अलवर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष में अलवर स्थित मित्तल हॉस्पिटल में नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें कुल 79 मरीजों ने लाभ उठाया।
शिविर के दौरान मधुमेह (शुगर) और ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच की गई। जांच में 13 लोग हाई ब्लड प्रेशर तथा 11 लोग मधुमेह से पीड़ित पाए गए। इनमें से 3 मरीज ऐसे भी थे, जिन्हें पहले से अपनी बीमारी की जानकारी नहीं थी और उनकी शुगर 350 mg/dl पाई गई।
इस अवसर पर मेदांता हॉस्पिटल से आई ट्रेनर पूर्णिमा द्वारा बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और सीपीआर की ट्रेनिंग दी गई। करीब 30 स्टाफ सदस्यों एवं मरीजों के परिजनों ने इसमें भाग लिया और प्रशिक्षण के बाद सभी को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
मित्तल हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. महेश जैन ने सभी को विश्व स्वास्थ्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं निदेशक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.सी. मित्तल ने मरीजों को नि:शुल्क परामर्श देकर दवाएं भी वितरित कीं।
डॉ. मित्तल ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में शुगर, नमक, धूम्रपान, शराब और तनाव को कम करना बेहद जरूरी है। नियमित योग, संतुलित आहार और समय पर दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के लिए खड़े रहें” है और आमजन के लिए बेसिक लाइफ सपोर्ट की जानकारी जीवन रक्षक साबित हो सकती है।
इस शिविर में अस्पताल स्टाफ सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं देकर आयोजन को सफल बनाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


