न्याय की मांग को लेकर विनीत मामले में सर्वसमाज सड़कों पर, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
कठूमर। बहुचर्चित विनीत प्रकरण को लेकर शनिवार को अलवर जिले के कठूमर कस्बे में सर्वसमाज के लोगों ने विशाल आक्रोश रैली निकालकर खेडली पुलिस थाना की कार्यशैली के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। रैली के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ लगाए गए नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार वैर उपखंड के गांव तिलचिवी निवासी मृतक विनीत कुमार के परिजनों के समर्थन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के सैकड़ों लोग कठूमर पहुंचे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।
रैली से पूर्व लक्ष्मण तिराहा स्थित महाराजा सूरजमल धर्मशाला में एक सभा आयोजित की गई। सभा में पीड़ित परिवार के मुखिया पत्रकार थानसिंह सिनसिनवार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विनीत कुमार खेडली के हिंडौन फाटक पर दुकान करता था और 29 जनवरी की रात तक वह सामान्य स्थिति में था। ऐसे में अचानक उसकी मौत को आत्महत्या बताना संदेह पैदा करता है।
परिजनों के अनुसार 30 जनवरी को दुकान नहीं खुलने पर सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचने पर पुलिस पहले से मौजूद थी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले के कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की अनदेखी करते हुए जल्दबाजी में इसे आत्महत्या मान लिया।
पीड़ित पक्ष ने दुकान, जाल और ताले को भी संदेह के घेरे में बताया, लेकिन पुलिस ने इन पहलुओं पर गंभीरता से जांच नहीं की। इसको लेकर सभा में मौजूद लोगों ने नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सभा के बाद आक्रोश रैली महाराजा सूरजमल धर्मशाला से बाजार होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान खेडली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसान नेता एवं पूर्व जिला पार्षद इंदल सिंह जाट ने कहा कि पीड़ित परिवार अपने बेटे को खोने के बाद न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस गंभीर नहीं है।
वहीं माली सैनी कुशवाह आरक्षण आंदोलन के संयोजक मुरारीलाल सैनी ने उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
सभा को कप्तान सिंह, अन्नू ठाकुर, हरेन्द्र सिंह, अंजू फौजदार, गजेन्द्र सिंह टंटा, गोपाल गुर्जर, पप्पू ठाकुर, मूलचंद मीणा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
रैली में भरतपुर, डीग और अलवर जिले के दो दर्जन से अधिक गांवों से आए लोग शामिल हुए। कस्बे में जगह-जगह लोग घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए और पुलिस के प्रति रोष व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


