फोन कॉल और व्हाट्सएप फॉर्म के जरिए साइबर ठगों ने विश्वास जीतकर की बड़ी वारदात
अलवर। शहर में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी को निशाना बनाते हुए 12 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। ठगों ने गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर पीड़ित को जाल में फंसाया और खाते से बड़ी रकम निकाल ली।
जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल को ठगों ने पीड़ित को फोन कर बताया कि उनके गैस कनेक्शन में केवल 12 रुपये शेष हैं और यदि तुरंत ऑनलाइन भुगतान नहीं किया गया तो कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। इस पर भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने व्हाट्सएप पर एक फॉर्म भेजा और आवश्यक जानकारी भरने को कहा।
जब पीड़ित ने संवेदनशील जानकारी साझा करने से इनकार किया, तो ठगों ने खुद मदद करने का झांसा दिया और बातचीत के दौरान एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद कुछ ही समय में खाते से कई ट्रांजेक्शन के जरिए 12.47 लाख रुपये निकाल लिए गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब करीब 24 घंटे बाद पीड़ित ने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया। इसके बाद 10 अप्रैल को अरावली विहार थाना में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


