रुचिकर कॉमिक्स के जरिए साइबर सुरक्षा सीख, छात्रों ने बनाई रचनात्मक कहानियां
अलवर। वर्ल्ड कॉमिक्स इंडिया द्वारा चलाए जा रहे “साइबर सलामत अभियान” के तहत अलवर शहर में विभिन्न विद्यालयों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिवाजी पार्क स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कॉमिक्स कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को साइबर दुनिया में सुरक्षित रहने के तरीके पारंपरिक लेक्चर के बजाय ग्रासरूट्स कॉमिक्स के माध्यम से रोचक और सहज ढंग से सिखाए गए।
कॉमिक्स के जरिए समझाई साइबर सुरक्षा
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) के जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही फेक न्यूज और गलत जानकारी की पहचान करने के सरल तरीके भी साझा किए गए।
विद्यार्थियों ने बनाई अपनी कॉमिक्स
प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों ने अपनी समझ और अनुभव के आधार पर साइबर सुरक्षा से जुड़ी कहानियां तैयार कीं और उन्हें कॉमिक्स के रूप में प्रस्तुत किया। सामाजिक कर्मी बनवारी लाल वर्मा ने बच्चों को सामाजिक विषयों पर कहानी कहने की कला सिखाई।
कार्टूनिस्ट शरद शर्मा ने दी जानकारी
मुख्य प्रशिक्षक कार्टूनिस्ट शरद शर्मा ने बताया कि कॉमिक्स एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए जटिल विषयों को सरल और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि संस्था अलवर के सरकारी विद्यालयों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में भी इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित कर रही है।
प्रदर्शनी में दिखी रचनात्मकता
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कॉमिक्स का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उनकी रचनात्मकता और जागरूकता साफ झलक रही थी।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य एवं मीडिया विज्ञानी प्रमोद मलिक ने बताया कि इन कॉमिक्स को विभिन्न विद्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा और इनका संकलन कर एक पुस्तक भी प्रकाशित की जाएगी।
यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


