More
    Homeराजनीतिविधानसभा से पुलिस स्टेशन तक हंगामा, गिरफ्तार MLC के समर्थन में BRS...

    विधानसभा से पुलिस स्टेशन तक हंगामा, गिरफ्तार MLC के समर्थन में BRS का प्रदर्शन

    हैदराबाद| भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) टी. मधुसूदन राव उर्फ 'टाटा मधु' और एन. नवीन कुमार रेड्डी की पुलिस द्वारा धरपकड़ के विरोध में मंगलवार को नारायणगुडा पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा हुआ। विरोध प्रदर्शन कर रहे बीआरएस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सैफाबाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया, क्योंकि प्रदर्शनकारी पुलिस वाहनों पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे थे।

    बीआरएस एमएलसी की गिरफ्तारी और कोर्ट में पेशी

    यह पूरी कार्रवाई तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाटा मधु को मंगलवार सुबह 7 बजे हिरासत में लिया गया। नारायणगुडा थाने में प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें हैदराबाद के नामपल्ली स्थित एडिशनल चीफ जुडिशल मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया। बीआरएस कार्यकर्ता अपने नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने की स्पीकर से मुलाकात

    विधानसभा सत्र की हंगामेदार शुरुआत के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने विधानसभा पहुंचकर अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार के चैंबर में उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पिछली घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया और अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है तथा अमर्यादित व्यवहार करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    सत्ताधारी कांग्रेस के गंभीर आरोप

    सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने विपक्षी बीआरएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि सत्र के पहले दिन बीआरएस के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिला अधिकारियों की उपस्थिति में अमर्यादित आचरण किया। इसके अलावा, बीआरएस नेताओं द्वारा अध्यक्ष के विरुद्ध इस्तेमाल की गई असंसदीय भाषा से आहत होकर स्पीकर के भावुक होने की बात भी सामने आई है, जिससे राज्य की राजनीति में नया उबाल आ गया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here