कठूमर 1000 मीटर मार्ग हुआ मुक्त
कठूमर। उपखंड क्षेत्र की बेरका ग्राम पंचायत के शेखपुरा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने मुख्य मार्ग से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
ग्राम विकास अधिकारी धर्मवीर चौधरी और सरपंच प्रशासक कालूराम चौधरी ने बताया कि अरूर्वा से शेखपुरा जाने वाले मार्ग पर करीब 12 वर्षों से पक्की दीवार, मकानों के आगे चबूतरे, लकड़ी-ईंधन और अन्य सामग्री रखकर अतिक्रमण किया गया था। इससे सड़क संकरी हो गई थी और आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी।
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और जेसीबी मशीन की सहायता से करीब 18 से 20 फीट चौड़ा तथा लगभग 1000 मीटर लंबा हिस्सा अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की समझाइश से स्थिति नियंत्रण में रही और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
अभियान के दौरान पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता विशाल गोयल, नायब तहसीलदार मनीष आर्य सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मार्ग के साफ होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और यातायात सुचारु रूप से बहाल हो गया।


