राजनीति में तीखी जुबानी जंग: भाजपा का पलटवार, चुनाव आयोग तक पहुंचा मामला
नई दिल्ली। चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान को लेकर देश की राजनीति में घमासान मच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है और इसे प्रधानमंत्री पद का अपमान बताया है।
विवाद की शुरुआत उस बयान से हुई, जिसमें खरगे द्वारा प्रधानमंत्री के लिए “आतंकवादी” शब्द के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं था, बल्कि ‘टैक्स टेररिज्म’ के जरिए विपक्ष को डराने की राजनीति की ओर इशारा करना था।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इस बयान को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ और ‘घृणित’ करार देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ नेता से इस प्रकार की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
भाजपा ने इस मुद्दे को भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया है और इसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। वहीं, चुनाव आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए खरगे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान जारी है। दोपहर तक राज्य में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोलकाता के हावड़ा में रोड शो भी प्रस्तावित है, जहां भाजपा शक्ति प्रदर्शन करेगी। भाजपा नेताओं का दावा है कि इस तरह के बयानों का असर चुनावी नतीजों पर पड़ेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ेंगे, बयानबाजी और तीखी हो सकती है। इससे सियासी माहौल और गर्माने की संभावना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


