राजेश राठौड़ का आरोप, नए मुख्यमंत्री के बयान से नीतीश कुमार कार्यशैली पर उठे सवाल
पटना। बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयानों को लेकर एनडीए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी अपने वक्तव्यों के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लगातार अपमान कर रहे हैं।

राजेश राठौड़ ने कहा कि विश्वासमत के दौरान सम्राट चौधरी का यह बयान कि “सीएम पद किसी की बपौती नहीं होता” अप्रत्यक्ष रूप से नीतीश कुमार पर निशाना था, जो लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्री को आईना दिखाने वाला बयान बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने कई मौकों पर नीतीश कुमार के शासनकाल को लेकर तीखी टिप्पणियां की हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वे पूर्व सरकार की कार्यशैली को कमजोर दिखाने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा थानों और अंचलों की मॉनिटरिंग सीएम आवास से करने की बात यह संकेत देती है कि राज्य में पहले से ही भ्रष्टाचार और लालफीताशाही की समस्या रही है। उनके अनुसार, यह बयान अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ववर्ती सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि खुद को प्रभावी मुख्यमंत्री साबित करने की कोशिश में सम्राट चौधरी अपनी ही सरकार की कमियों को उजागर कर रहे हैं, जिससे एनडीए के भीतर की स्थिति भी सामने आ रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

