More
    Homeदेशसुबह 9 बजे तक 18% मतदान, नादिया में BJP एजेंट का सिर...

    सुबह 9 बजे तक 18% मतदान, नादिया में BJP एजेंट का सिर फूटा; TMC पर आरोप

    पश्चिम बंगाल: आज प्रदेश की 142 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है, जहाँ 1,448 उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर है। एक तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में TMC लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा पहली बार बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।

    हिंसा और आरोपों के बीच मतदान

    छपरा विधानसभा क्षेत्र के हत्रा पंचायत (बूथ नंबर 52) से हिंसा की खबर सामने आई है। भाजपा पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर ने TMC समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया। मीर के अनुसार, "हथियारों से लैस अपराधियों ने मुझे और मेरे साथियों को बुरी तरह पीटा, जिससे मेरे सिर पर 6 टांके आए हैं।" उन्होंने पुलिस से न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

    शुभेंदु अधिकारी का ममता पर निशाना

    विपक्ष के नेता और भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने मतदान के दौरान ममता बनर्जी की उपस्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब क्षेत्र में धारा 163 लागू है, तो मुख्यमंत्री लाव-लश्कर के साथ यहाँ क्यों घूम रही हैं?"

    मल्लिकार्जुन खरगे की अपील

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाताओं से 'सार्थक बदलाव' के लिए घरों से बाहर निकलने का आह्वान किया। उन्होंने 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "यह समय उन ताकतों को करारा जवाब देने का है जो आपके अधिकारों को कमजोर कर रही हैं। प्रगतिशील मूल्यों, विकास और भाईचारे के लिए बिना डरे वोट करें।"

    मिथुन चक्रवर्ती ने जताया भारी मतदान का भरोसा

    भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने काशीपुर-बेलगाछिया के बूथ नंबर 248 पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मुझे विश्वास है कि इस बार वोटिंग प्रतिशत 90% के पार जाएगा। यदि ऐसा होता है, तो इसके परिणाम क्या होंगे, आप समझ सकते हैं।" बता दें कि 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था और 4 मई को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here