जनगणना-2027 के पहले चरण में स्वगणना की सुविधा, नागरिकों से सहयोग की अपील
अलवर। जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत 1 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इस प्रक्रिया से पहले 1 मई से 15 मई तक स्वगणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) चरण संचालित किया जाएगा, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आमजन से इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश के नागरिकों की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है।
उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती हैं। इसलिए सटीक जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।
स्वगणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर सरल फॉर्म भर सकते हैं। वेबसाइट पर हिंदी और अंग्रेजी में ट्यूटोरियल उपलब्ध हैं, जिससे प्रक्रिया को समझना आसान होगा। इस बार गूगल लोकेशन के माध्यम से घर को जियो-टैग करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे डेटा की सटीकता बढ़ेगी।
15 मई के बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों का पहचान पत्र देखकर ही जानकारी दें और उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्रगणक किसी भी प्रकार का ओटीपी या दस्तावेज नहीं मांगेंगे।
जिला कलक्टर ने कहा कि कोविड-19 के कारण 2021 में जनगणना में देरी हुई थी, इसलिए अब इसे सफलतापूर्वक पूरा करना सभी का दायित्व है। उन्होंने जिलेवासियों से इस प्रक्रिया में भाग लेकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


