अलवर में सरस डेयरी परिसर से कथित चोरी का मामला, एक ट्रक निकला तो दूसरा गेट पर पकड़ा गया
अलवर। सरस डेयरी एक बार फिर विवादों में आ गई है। डेयरी परिसर से कथित रूप से लाखों रुपए का लोहा कचरे में छिपाकर बाहर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार डेयरी परिसर से करीब 5 लाख रुपए मूल्य का लोहा कथित रूप से चोरी कर कचरे से भरे ट्रकों के माध्यम से बाहर भेजने की कोशिश की जा रही थी। मामले की सूचना मिलते ही डेयरी प्रशासन सक्रिय हुआ और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
डेयरी के निदेशक शिवलाल ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उस समय एक ट्रक डेयरी परिसर से निकल चुका था, जबकि दूसरे ट्रक को मुख्य द्वार पर ही रोक लिया गया। पकड़े गए ट्रक की गहन जांच की जा रही है। ट्रक में भरे कचरे को हटाकर यह पता लगाया जाएगा कि उसमें वास्तव में लोहा छिपाकर ले जाया जा रहा था या नहीं।
सूत्रों के अनुसार डेयरी प्रशासन पर पहले भी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में परिसर के भीतर से इस प्रकार कथित चोरी की जानकारी सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह डेयरी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाएगा।
मामले को लेकर डेयरी अध्यक्ष नितिन सागवान के बयान का भी इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और पकड़े गए ट्रक से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


