जावली परियोजना में निर्देश, जीएसएस अक्टूबर तक पूर्ण करने पर फोकस
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के जावली में निर्माणाधीन 220 केवी ग्रिड जीएसएस का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बजट घोषणा के तहत बन रहे इस जीएसएस के कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आरवीपीएनएल के अधीक्षण अभियंता से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना को अक्टूबर माह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
डॉ. शुक्ला ने जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन स्थल पर पूर्व में संचालित 33 केवी जीएसएस को चिन्हित स्थान पर एक माह के भीतर शिफ्ट किया जाए, जिससे नए 220 केवी जीएसएस का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सामग्री और उपकरणों का उपयोग निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जावली पीएचसी प्रभारी द्वारा भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी देने पर जिला कलक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि संबंधित भूमि को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस दौरान जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता राधेश्याम बांसल, आरवीपीएनएल के अधीक्षण अभियंता महिपाल यादव, तहसीलदार हरदयाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


